दिल्ली में चोरी के प्रयास के आरोप में पिटाई के बाद व्यक्ति की मौत, दो ट्रक चालक गिरफ्तार

दिल्ली के भलस्वा डेरी में चोरी के प्रयास के आरोप में पिटाई के बाद 18 वर्षीय युवक की अस्पताल में मौत हो गई, पुलिस ने दो ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया।

Razi Ahmad
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेरी इलाके में एक व्यक्ति की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। कुछ दिन पहले ट्रक चालकों ने अपने वाहनों से केबल चुराने की कोशिश के आरोप में उसे कथित तौर पर बांधकर बेल्ट, और लात-घूंसों से पीटा था। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारी के मुताबिक, कलंदर कॉलोनी निवासी राम कुमार (18) को 29 अगस्त की शाम ट्रक चालकों ने चार अन्य लोगों के साथ कथित तौर पर उस समय पकड़ लिया था जब वे ट्रकों से केबल और अन्य सामान चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि कुमार के भाई ने घटना की सूचना देने के लिए पीसीआर कॉल की थी और आरोप लगाया था कि ट्रक चालकों ने उसके भाई की पिटाई की।

अधिकारी ने बताया, “30 अगस्त को कुमार के परिवार वाले उसे बुराड़ी अस्पताल ले गए, जहां उसका चिकित्सकीय-कानूनी मामला (एमएलसी) तैयार किया गया। कुमार के हाथ पर चोट के निशान और घाव, आंख के पास काला निशान और पैर पर चोट के निशान समेत कई चोटों की जांच की गई। कोई गंभीर या जानलेवा चोट नहीं पाई गई और न ही खून बह रहा था, न ही वे बेहोश हुए और न ही उन्हें उल्टी हुई।”

उन्होंने बताया कि कुमार को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उस समय मामले की जांच की गई, लेकिन परिवार ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।

अधिकारी के अनुसार, कुमार नौ सितंबर को दोबारा जांच के लिए बुराड़ी अस्पताल गया, जहां उसने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। इसके बाद उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल और फिर ‘राजन बाबू फेफड़े एवं क्षय रोग संस्थान’ रेफर किया गया।

उन्होंने बताया कि नौ और 10 सितंबर की दरमियानी रात को अस्पताल में कुमार की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद 10 सितंबर को रात 12 बजकर 36 मिनट पर भलस्वा डेरी थाने को पीसीआर ने फोन करके सूचना दी, जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है जिसकी चोरी के संदेह में पिटाई की गई थी।

अधिकारी ने बताया, “इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मुन्तियाज और नईम नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ट्रक चालक हैं। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है।”

उन्होंने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए 12 सितंबर को कुमार का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।