चेन्नई: तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को बाहर से समर्थन दे रहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने रविवार को घोषणा की कि वे अगले महीने राज्य में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगी।
छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में भाकपा धरापुरम से, जबकि माकपा मदुरंतकम से चुनाव लड़ेगी।
भाकपा के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन ने चेन्नई में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव ‘‘स्वाभाविक’’ नहीं, बल्कि ‘‘थोपे गए’’ हैं।
किसी भी चुनावी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनने के अपने रुख पर कायम रहते हुए भाकपा ने माकपा के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने चुनाव लड़ने के बारे में अपना विचार माकपा को बता दिया है और उसने भी यही रुख अपनाया है। भाकपा धरापुरम से चुनाव लड़ेगी।’’
माकपा के प्रदेश सचिव एम. शणमुगम ने तिरुचिरापल्ली में संवाददाताओं से कहा कि पार्टी की प्रदेश समिति की बैठक में उपचुनाव लड़ने का फैसला किया गया है और वाम दलों—माकपा, भाकपा और भाकपा (मार्क्सवादी-लेनिनवादी)—की यह एकजुट लड़ाई होगी।

