रांची: रांची रेल मंडल में 14 सितंबर को ‘हिंदी दिवस’ अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणा निधि सिंह ने कार्यालय प्रांगण में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, प्रचार और प्रसार के लिए राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई।
इस दौरान भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 और 351 तथा राजभाषा संकल्प 1968 के आलोक में केंद्र सरकार के कार्मिकों ने अपने उदाहरणमय नेतृत्व, प्रशिक्षण और प्रयासों से हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने और इसके संवर्धन के लिए सदैव निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के ‘हिंदी दिवस संदेश-2026’ का वाचन भी किया। अपने संदेश में रेल मंत्री ने हिंदी को हमारी संस्कृति, संवेदनाओं और जीवन मूल्यों की सहज अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया तथा बदलते तकनीकी युग में इसे ज्ञान, विज्ञान, प्रशासन और जनसंचार की प्रभावी भाषा के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची मंडल में 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस पखवाड़े के दौरान मंडल कार्यालय एवं प्रमुख स्टेशनों पर हिंदी निबंध, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, वाक् तथा प्रश्नोत्तरी जैसी कई प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 30 सितंबर को समापन अवसर पर कार्मिकों द्वारा भव्य ‘कवि सम्मेलन’ प्रस्तुत किया जाएगा।
इस आयोजन में अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लक्ष्मण कुमार, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक जयवर्धन कुमार सहित भारी संख्या में रेल अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

