नयी दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि पीतमपुरा में पुराने दिल्ली हाट की जगह पर भारत के विविध व्यंजनों, हस्तशिल्प, कला और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने वाला एक नया ‘यूनिटी मॉल’ बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल के तहत लगभग 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किए जाने वाले इस मॉल में विभिन्न राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 36 स्टॉल बनाने की योजना है।
गुप्ता ने कहा कि लोग अपने परिवारों के साथ यहां आ सकेंगे और देशभर के व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पहले बनाए गए दिल्ली हाट को नये स्वरूप में विकसित करके शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पर्यटन एवं और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की ओर से ‘यूनिटी मॉल’ के निर्माण के लिए निविदा पहले ही जारी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य कारीगरों के लिए एक राष्ट्रीय मंच तैयार करना और स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों, कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करना है।
अधिकारियों ने बताया कि मॉल में संबंधित राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के जिलों के लिए एक-एक स्टॉल के साथ-साथ एक ‘फूड कोर्ट’ भी होगा।

