‘फैटी लिवर मुक्त रांची’ अभियान की शुरुआत, दो मिनट में मिलेगी रिपोर्ट

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत’ के संकल्प से प्रेरित होकर रांची लोकसभा क्षेत्र में ‘फैटी लिवर मुक्त रांची’ अभियान का शुभारंभ किया गया है। रांची सदर अस्पताल में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान रक्षा राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद संजय सेठ ने इस जन-स्वास्थ्य पहल की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान देश के जाने-माने लिवर विशेषज्ञ डॉ. एस.के. सरीन के कुशल मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। दिल्ली में डॉ. सरीन से हुई महत्वपूर्ण चर्चा और उनके सुझावों के आधार पर ही इस विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार कर इसे धरातल पर उतारा गया है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि वर्तमान समय में खराब खान-पान और अनियंत्रित जीवनशैली के कारण फैटी लिवर एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती के रूप में उभर रहा है, जिसके मामले झारखंड में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि फैटी लिवर शुरुआत में खुद कोई बेहद गंभीर बीमारी नजर नहीं आता, लेकिन अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह आगे चलकर कई जटिल और जानलेवा शारीरिक समस्याओं का कारण बन सकता है। इसी खतरे को देखते हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को जागरूक करना और बीमारी की समय पर पहचान सुनिश्चित करना है।

इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने और जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए चार अत्याधुनिक तकनीकों से लैस विशेष बसें तैयार की गई हैं। ये बसें रांची जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय क्षेत्रों में जाकर लोगों को मौके पर ही जांच सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इन बसों में एडवर्ड मशीन जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे जांच के महज दो मिनट के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। संजय सेठ ने रांची को पूरी तरह से फैटी लिवर मुक्त जिला बनाने का संकल्प दोहराते हुए आम जनता से अपनी दिनचर्या, खान-पान और जीवनशैली के प्रति अधिक सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।