नयी दिल्ली: उत्तर पश्चिमी दिल्ली में सिगरेट जलाने के लिए माचिस देने से इनकार करने को लेकर हुए झगड़े के दौरान 30 वर्षीय निर्माण श्रमिक की कथित रूप से चाकू से वार कर हत्या कर दी गई जबकि हमले में एक अन्य शख्स जख्मी हो गया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार को केशव पुरम इलाके में एक शराब की दुकान के सामने तब हुई जब तीन लोगों ने भवानी और आशाराम से सिरगेट जलाने के लिए माचिस मांगी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों ने आरोपियों से कहा कि उनके पास माचिस नहीं है, जिसके बाद उनमें बहस होने लगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद तीनों लड़कों ने भवानी एवं आशाराम से मारपीट की एवं उन पर चाकू से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि भवानी को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि उसकी पीठ पर गहरा घाव हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आशाराम (32) को छाती के पास चाकू लगा था और उसका इलाज चल रहा है। उसे बयान देने के लिए ‘अनफिट’ घोषित किया गया है।
मृतक के भाई रामचरण ने कहा, “मुझे आशाराम का फोन आया कि दोनों को चाकू मार दिया गया है। मैं उस समय द्वारका गया था लेकिन तुरंत अस्पताल पहुंचा। मेरे भाई की अस्पताल में मौत हो गई।”
उन्होंने आरोप लगाया, “वह रास्ते में थे तभी किसी ने उनसे बीड़ी मांगी। इनकार करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया गया।”
रामचरण ने कहा कि उसका भाई निर्माण श्रमिक था और उत्तर प्रदेश के अमेठी का मूल निवासी था। वह काम के सिलसिले में दिल्ली में अकेले रहता था, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चे अमेठी में ही रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि केशव पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि तकनीकी और स्थानीय खुफिया जानकारी हासिल कर हमले में शामिल लोगों की पहचान की गई।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19) के रूप में हुई है और उसे व उसके साथी तरूण (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि हमले में संलिप्तता को लेकर एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
अधिकारी ने कहा कि नरेश ने दोनों पीड़ितों पर चाकू से वार किया, जबकि तरुण और नाबालिग ने उन पर मुक्कों से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि नरेश की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है।

