आदित्य ठाकरे दिशा सालियन मामले में शामिल नहीं हो सकते: मनसे नेता अमित ठाकरे

अमित ठाकरे ने आदित्य ठाकरे का बचाव किया। कहा—दिशा सालियन मौत मामले में वह कभी शामिल नहीं हो सकते। सीबीआई ने मामला दर्ज किया, कोई नामजद आरोपी नहीं

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे ने शुक्रवार को अपने चचेरे भाई और शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे का बचाव करते हुए कहा कि वह दिशा सालियन की मौत के मामले में कभी शामिल नहीं हो सकते। मनसे नेता का यह बयान आदित्य के उस दावे के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह सालियन को न तो जानते थे और न ही उनसे कभी मिले थे। आदित्य ने साथ ही आरोप लगाया था कि राजनीतिक विरोधी जानबूझकर इस दुखद घटना से उनका नाम जोड़कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि इसे कैसे देखा जाए, लेकिन एक भाई के तौर पर मैं आपको बता सकता हूं कि आदित्य कभी भी ऐसी किसी चीज में संलिप्त नहीं हो सकते।’’

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिशा सालियन की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। उनके पिता की याचिका पर मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए इसमें किसी भी आरोपी का नाम शामिल नहीं किया गया है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 28 वर्षीय पूर्व मैनेजर सालियन की आठ जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने सालियान के मामले में दुर्घटनावश मौत की प्राथमिकी दर्ज की थी और बाद में दावा किया था कि यह आत्महत्या का मामला था।

सालियान की मौत के एक हफ्ते बाद, 14 जून 2020 को राजपूत अपने बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए, जिससे दोनों मौतों के बीच किसी संभावित संबंध को लेकर अटकलें शुरू हो गईं। मुंबई उच्च न्यायालय ने दो सितंबर को सालियन की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया। अदालत ने मुंबई पुलिस को छह साल तक प्राथमिकी दर्ज न करने के लिए फटकार लगाई और कहा कि उनकी जांच से जवाबों के बजाय और सवाल खड़े होते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।