बोकारो : चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिम पल्ली में हुए डबल मर्डर मामले की जांच तेज कर दी गई है। शुक्रवार को FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच करते हुए कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने जांच के लिए SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया है। SIT फॉरेंसिक टीम से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों का विश्लेषण कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े संभावित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
SIT का नेतृत्व कर रहे बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड से जुड़े सुरागों को खंगाला जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
FSL टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के अलावा पुलिस तकनीकी सुरागों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


