मुंबई: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी से दो नाबालिगों समेत पांच लोगों ने कथित तौर पर बार-बार सामूहिक दुष्कर्म किया जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मामले के 21 से 40 वर्ष की आयु के तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 17 वर्षीय दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता के परिचित थे और उन्होंने किशोरी का कई बार यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने इस घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त, अप्रैल से जून के बीच आरोपियों में से एक (40 वर्षीय राजमिस्त्री) परिजनों की गैर-मौजूदगी में पीड़िता के घर में जबरन घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने कहा कि वह पीड़िता के घर के निर्माण कार्य में लगा हुआ था।
यह मामला तब सामने आया, जब जांच के दौरान लड़की के 24 से 26 सप्ताह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर म्हासाला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।


