CCL Officers Transfer : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) प्रबंधन ने प्रशासनिक काम-काज को बेहतर बनाने के लिए तत्काल प्रभाव से 10 खनन अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। इस फेरबदल के तहत महाप्रबंधक (खनन) सुधीर कुमार सिन्हा को मगध ओसी से हटाकर बी एंड के एरिया की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादका सूची में मुख्य प्रबंधक स्तर के पांच अधिकारी—नवनीत कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार, संजीव कुमार, विद्या भूषण चौबे और राकेश कुमार शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों और परियोजनाओं में भेजा गया है। इसके अलावा वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सिंह और उप प्रबंधक स्तर के तीन अन्य अधिकारियों (जिनमें दो राकेश कुमार और एक दीपक कुमार उरांव शामिल हैं) का भी ट्रांसफर किया गया है।
सीसीएल के जारी आदेश के अनुसार, इन सभी अधिकारियों को अपनी वर्तमान पदस्थापना से कार्यमुक्त होने के बाद संबंधित क्षेत्रीय महाप्रबंधक या विभागाध्यक्ष के पास अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। साथ ही, नई कार्य-जगह पर ज्वॉइन करने के 15 दिनों के भीतर पीआरआईडीई (PRIDE) या गोल सेटिंग की प्रक्रिया पूरी करना संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की गई है।


