Ranchi News: राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली इलाके में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला समेत दो लोगों को धर दबोचा। इनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नकदी और एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू (BMW) बाइक बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को गुप्त सूचना मिली थी कि जोरार तेतरी टोली क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस इनपुट के आधार पर ग्रामीण एसपी के नियंत्रण और मुख्यालय-प्रथम के डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
ओलिप मुंडा के घर पर छापेमारी
गठित टीम ने जोरार तेतरी टोली स्थित ओलिप मुंडा के आवास पर औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला और एक पुरुष को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोअर बाजार निवासी मो. अमन अंसारी (24 वर्ष) और नामकुम निवासी ओलिप मुंडा (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने तलाशी के दौरान इनके पास से निम्नलिखित चीजें जब्त की हैं:
7.88 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर।
99,680 रुपये नकद।
एक हाई-एंड BMW बाइक (जिसका इस्तेमाल तस्करी में किए जाने की आशंका है)।

पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने की बात स्वीकार कर ली है, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस छापेमारी दल में डीएसपी अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत टाटीसिलवे और नामकुम थाने के कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


