- छह सामाजिक संगठनों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, मूलभूत सुविधाओं के समाधान की मांग
बुंडू: बुंडू क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर शनिवार को छह सामाजिक एवं जनसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से आगामी 23 सितंबर 2026 को बुंडू बंद की जानकारी देते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई.
प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालक पदाधिकारी, बुंडू नगर पंचायत, थाना प्रभारी बुंडू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू तथा अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की.
संगठनों की प्रमुख मांगों में बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति, बुंडू बस स्टैंड एवं मार्केट क्षेत्र में थाना से अस्पताल के बीच चलंत शौचालय की व्यवस्था, बुंडू बड़ा तालाब की सफाई एवं सौंदर्यीकरण तथा सभी घरों और गली-मोहल्लों से नियमित कचरा उठाव शामिल है.
इसके अलावा ब्लॉक मोड़ बुंडू से सुभाष चौक होते हुए मांझी टोली तक NH-33 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के नवनिर्माण, बुंडू में सुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण तथा स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिमा स्थलों की नियमित साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी गई.
इस अभियान में जय हो सेवा संस्था, उलगुलान मोर्चा, मजदूर सेवा संगठन, मानव सेवा संस्था, युवा एकता संगठन तथा नवचालक कल्याण फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही.
संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उक्त मांगें किसी व्यक्ति या संगठन विशेष की नहीं, बल्कि बुंडू की आम जनता से जुड़ी बुनियादी समस्याएं हैं. प्रशासन से इन समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करने की मांग की गई है. प्रतिनिधियों ने बताया कि 23 सितंबर को प्रस्तावित बुंडू बंद का उद्देश्य जनसमस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराना और उनके स्थायी समाधान की मांग करना है.


