Bokaro Crime News: बोकारो शहर की सिटी पुलिस ने गणेश पूजा मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को धर दबोचा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से एक लोडेड सिक्सर और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दूंदीबाग इलाके में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व अपना वर्चस्व कायम करने के लिए हथियारों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंगल पासवान और शिवम यादव (निवासी: सेक्टर-1 सी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगल पासवान के पास से एक लोडेड सिक्सर जबकि शिवम यादव के पास से कारतूस बरामद किया गया है।
18 सितंबर की घटना, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
डीएसपी ने बताया कि यह पूरी घटना 18 सितंबर को विसर्जन जुलूस के दौरान सामने आई थी। जुलूस की आड़ में इलाके में अपना खौफ और वर्चस्व स्थापित करने के लिए खुलेआम हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


