Ranchi News: अगर बैंक से जुड़ा आपका कोई भी जरूरी काम अटका हुआ है, तो बिना देर किए उसे तुरंत पूरा कर लीजिए। 25 सितंबर के बाद आपको बैंकिंग कार्यों के लिए लगातार पाँच दिनों तक लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
बैंक यूनियनों की तरफ से की गई तीन दिवसीय हड़ताल के चलते सितंबर के आखिर में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने वाली हैं। दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिनों की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
इस हड़ताल से ठीक पहले शनिवार और रविवार की छुट्टियां पड़ रही हैं। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, और 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। इसके तुरंत बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। इस तरह शनिवार से लेकर बुधवार तक, लगातार पाँच दिनों तक देश भर में सरकारी बैंक बंद रहेंगे।
एसबीआई की चेतावनी
इस स्थिति को देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक यानी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ग्राहकों के लिए विशेष सूचना जारी की है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी सेवाएं जारी रखने के तमाम प्रयास किए जाएंगे, लेकिन ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने जरूरी वित्तीय और बैंकिंग कार्य निबटा लें।


