Ranchi News: राजधानी रांची के पिस्कामोड़ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने मवेशियों से भरे एक संदिग्ध वाहन को घेर लिया। भीड़ ने न सिर्फ वाहन में सवार तस्कर को दबोचा, बल्कि गुस्से में आकर गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया।
घटना रांची के व्यस्त पिस्कामोड़ इलाके की है, जहाँ शनिवार को कुछ स्थानीय लोगों की नजर मवेशियों से लदे एक वाहन पर पड़ी। शक होने पर लोगों ने गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार एक व्यक्ति को पकड़कर बाहर निकाल लिया। इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

गुस्साए लोगों ने सबसे पहले वाहन के अंदर से सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला और इसके बाद उस वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गाड़ी धू-धूकर जलने लगी, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ के चंगुल से तस्कर को अपने कब्जे में लिया और जलते वाहन को शांत कराया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि मवेशियों को कहाँ से लाया जा रहा था और उन्हें कहाँ ले जाया जा रहा था। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।


