यूपी एटीएस ने मुठभेड़ में टीएसपीसी प्रमुख ब्रजेश गंझू को मार गिराया, 30 लाख रुपये का था इनामी उग्रवादी

यूपी एटीएस ने मिर्जापुर-प्रयागराज सीमा पर मुठभेड़ में टीएसपीसी प्रमुख ब्रजेश सिंह गंझू को मार गिराया, लंबे समय से फरार उग्रवादी पर दर्ज थे 50 से अधिक मामले।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) को उग्रवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर रविवार तड़के पांच बजे की गई घेराबंदी के दौरान टीएसपीसी (TSPC) के सुप्रीमों ब्रजेश सिंह गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मुठभेड़ में मार गिराया। चतरा जिले के लावालॉन्ग थाना क्षेत्र के लुट्टू साहावन का रहने वाला यह खूंखार उग्रवादी पिछले 20 सालों से फरार चल रहा था। उस पर झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख रुपये और एनआईए द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा, वह सिमरिया के पूर्व विधायक गणेश गंझू का बड़ा भाई था।

मिली जानकारी के अनुसार एटीएस को सूचना मिली थी कि ब्रजेश गंझू मिर्जापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की फिराक में है। इस पर कार्रवाई करते हुए एटीएस की टीम ने मिर्जापुर-प्रयागराज सीमा पर घेराबंदी की। जब सुरक्षाबलों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उग्रवादी की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में ब्रजेश गंझू गोली लगने से ढेर हो गया।

ब्रजेश गंझू पर चतरा, पलामू और आसपास के जिलों में डकैती, हत्या, अपहरण, रंगदारी, आगजनी, सुरक्षाबलों पर हमला और अवैध हथियार व विस्फोटक रखने समेत 50 से भी अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। अकेले चतरा जिले में ही उस पर 44 से ज्यादा केस दर्ज थे। मुठभेड़ स्थल से एटीएस की टीम ने दो पिस्तौल, एक कारबाइन, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से उग्रवादी संगठन टीएसपीसी को बहुत बड़ा झटका लगा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।