जनसमस्याओं को लेकर 23 को बुंडू बंद, 22 सितंबर को निकलेगा मशाल जुलूस

जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुंडू में 23 सितंबर को बंद का आह्वान किया गया है। इससे पहले 22 सितंबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बुंडू: बुंडू की विभिन्न जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवी संगठनों ने 23 सितंबर को बुंडू बंद का आह्वान किया है. बंदी से एक दिन पूर्व 22 सितंबर की शाम 5:30 बजे राधा रानी मंदिर परिसर से मशाल जुलूस निकाला जाएगा. इस संबंध में संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बंदी की जानकारी दी है.

बंदी की प्रमुख मांगों में बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति, बस स्टैंड एवं मार्केट क्षेत्र में चलंत शौचालय की व्यवस्था, बड़ा तालाब की सफाई व सौंदर्यीकरण, नियमित कचरा उठाव तथा ब्लॉक मोड़ से सुभाष चौक होते हुए मांझी टोली NH-33 तक मुख्य सड़क का नवनिर्माण शामिल है. इसके अलावा सुविधायुक्त स्थायी बस स्टैंड के निर्माण और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण की भी मांग की गई है.

संगठनों ने कहा कि उक्त मांगें बुंडू की आम जनता की मूलभूत समस्याओं से जुड़ी हैं. पेयजल, सड़क, स्वच्छता, शौचालय और यात्री सुविधाओं का सीधा संबंध आम लोगों के दैनिक जीवन से है. मांगों के समाधान के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी.

आयोजकों के अनुसार, 23 सितंबर की बंदी के दौरान अस्पताल, दवा दुकान, स्कूल, कॉलेज, डेयरी, अखबार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को बंदी से मुक्त रखा जाएगा. संगठनों ने आम नागरिकों से 22 सितंबर को मशाल जुलूस में शामिल होने तथा 23 सितंबर की बंदी को समर्थन देने की अपील की है.

बंदी का आह्वान जय हो सेवा संस्था, उलगुलान मोर्चा, मजदूर सेवा संगठन, मानव सेवा संस्था, युवा एकता संगठन एवं नवचालक कल्याण फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवी संगठनों ने किया है.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।