पलामू में करम डाली विसर्जन बना काल! नदी में डूबने से 6 लोगों की मौत, मचा कोहराम

पलामू में करम पर्व के दौरान बड़ा हादसा, कोयल नदी में पांच बच्चों के डूबने से मौत। पाटन में करमा विसर्जन करने गई 17 वर्षीय सिंपी कुमारी की भी नदी में डूबकर जान गई।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू: करम पर्व की खुशियां बुधवार सुबह उस समय मातम में बदल गईं, जब करम डाली विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से कई बच्चों की जान चली गई। पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव के पास बोकया गांव के समीप कोयल नदी में हुई, जहां पांच बच्चे नदी में डूब गये। वहीं दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र में हुई, जहां करमा पर्व का विसर्जन करने गई 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।

कोयल नदी में डूबे पांच बच्चे, गांव में मचा कोहराम

जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव के बच्चे करम पर्व के अवसर पर करम डाली लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे विसर्जन के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य बच्चे भी नदी में उतर गये। बताया जा रहा है कि नदी में पानी का बहाव तेज था। ऐसे में बच्चे खुद को संभाल नहीं सके और एक-एक कर पानी में डूबते चले गये। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।

महिला की नजर पड़ी तो ग्रामीणों को मिली जानकारी

घटना के समय नदी के पास मौजूद एक महिला ने बच्चों की चीख-पुकार सुनी। जब उसने नदी की ओर देखा तो बच्चे पानी में डूब रहे थे। महिला ने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर पहुंचे और बच्चों को बचाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद चार बच्चों के शव नदी से निकाल लिये गये, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी रही। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। लापता बच्चे की खोजबीन पुलिस और ग्रामीणों की मदद से लगातार जारी है।

करमा विसर्जन के दौरान किशोरी की भी गई जान

दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह के नानी झरिया गांव की है। यहां दिलीप पासवान की 17 वर्षीय पुत्री सिंपी कुमारी की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि सिंपी कुमारी करमा पर्व के अवसर पर बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे अपनी सहेलियों के साथ गांव के पास स्थित जिंजोई नदी में झुर बहाने (विसर्जन) के लिए गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला और तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हिसरा बरवाडीह के नानी झरिया गांव में सिंपी कुमारी की मौत की खबर फैलते ही मातम छा गया। जिस घर और गांव में करमा पर्व की खुशियां थीं, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पाटन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। वहीं मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में स्थापित पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।