Garhwa News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने संगठन के भीतर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में पार्टी ने गढ़वा जिला अध्यक्ष शम्भू राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। केंद्रीय कार्यालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जन-संवाद माध्यमों, सोशल मीडिया और गढ़वा जिले के वरिष्ठ नेताओं से प्राप्त फीडबैक और शिकायतों के आधार पर केंद्रीय नेतृत्व ने यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पार्टी ने पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। इस समिति में केंद्रीय समिति के सदस्य तनवीर आलम, मो. ताहिर अंसारी, जवाहर पासवान, राजकिशोर यादव और लल्लू राम को शामिल किया गया है। जांच कमेटी को निर्देश दिया गया है कि वह 10 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय कार्यालय को सौंपे।
पार्टी महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय के हस्ताक्षर से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने तक शम्भू राम का निलंबन प्रभावी रहेगा। जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पार्टी आगे का अंतिम निर्णय लेगी।


