Badgain Land Scam: चर्चिलित बड़गांई 8.86 एकड़ जमीन फर्जीवाड़ा और लैंड स्कैम मामले में पीएमएलए (PMLA) की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। इस मामले में आरोप गठन के बिंदु पर सुनवाई के दौरान अदालत ने मुख्यमंत्री की मांग को स्वीकार करते हुए अगली तारीख मुकर्रर की है।
सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष पेश हुए। इस दौरान उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा उपलब्ध कराए गए 22 दस्तावेजों का अध्ययन करने के लिए अदालत से कुछ समय देने का अनुरोध किया। अदालत ने उनके इस आग्रह को स्वीकार करते हुए कहा कि वर्तमान चरण आरोप गठन का है, दस्तावेजों के परीक्षण का नहीं, लेकिन न्यायहित को देखते हुए मामले की अगली सुनवाई और आरोप गठन के लिए आगामी बुधवार, 30 सितंबर को सुबह 11:15 बजे का समय निर्धारित किया है।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित जमीन घोटाले में ईडी की विशेष अदालत इससे पहले अंतू तिर्की, आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह समेत 16 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आरोप तय कर चुकी है। इस मामले में राजस्वकर्मी भानु प्रसाद प्रताप, बिजेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, मनोज कुमार यादव, कुमार राजश्री, राजकुमार पाहन, संजीत कुमार, शेखर कुशवाहा, तापस घोष, मोहम्मद इरशाद अख्तर, अफसर अली, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और मोहम्मद इरशाद जैसे कई अन्य नाम भी आरोपी के रूप में शामिल हैं।


