रांची में आंधी-बारिश का कहर! संत जेवियर स्कूल के बस पर गिरा पेड़, अंदर बैठे थे 40 बच्चे, बाल-बाल बचे

रांची में तेज आंधी और बारिश के बीच संत जेवियर स्कूल की चलती बस पर पेड़ गिर गया। बस में 40 बच्चे सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में बीते 22 सितंबर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार को भी रांची में सुबह से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। इसी दौरान डोरंडा चौक स्थित एजी मोड़ के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। संत जेवियर स्कूल की चलती बस पर अचानक सड़क किनारे का पेड़ गिर गया। घटना के वक्त बस में करीब 40 बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि पेड़ बस के ऊपर गिरने के बावजूद किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई। सभी सुरक्षित हैं।

तेज आंधी के बीच बस पर गिरा पेड़

जानकारी के मुताबिक डोरंडा स्थित संत जेवियर स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान एजी मोड़ के पास तेज आंधी के कारण सड़क किनारे लगा पेड़ अचानक बस के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में मौजूद बच्चों और स्टाफ के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, किसी को चोट नहीं आने से बड़ी घटना टल गई।

स्थानीय लोगों ने हटाया पेड़, पुलिस भी पहुंची

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। लोगों ने मिलकर बस के ऊपर से पेड़ हटाने में मदद की, ताकि बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके और रास्ता भी साफ हो सके। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क से पेड़ हटाने का काम शुरू कराया, जिससे यातायात को फिर से सुचारू किया जा सके। फिलहाल हादसे में किसी बच्चे या बस स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है। तेज आंधी और बारिश के बीच यह घटना एक बड़े हादसे से बचने का मामला रही।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।