दिल्ली पुलिस ने व्यक्ति की हत्या की साजिश नाकाम की, पांच लोगों को पकड़ा

दिल्ली पुलिस ने बवाना में हत्या की कथित साजिश नाकाम करने का दावा किया। मामले में इग्नू छात्र समेत पांच लोग पकड़े गए और पांच हथियार बरामद हुए हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने विदेश में बैठे कुख्यात वांछित अपराधी के इशारे पर एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश को नाकाम करने का दावा करते हुए पांच लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में इग्नू का एक छात्र भी शामिल है और ये सभी कनाडा में बैठे वांछित अपराधी विक्की हद्दाल के इशारे पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के पास से दो विदेश निर्मित पिस्तौलों समेत पांच हथियार और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

अधिकारियों ने बताया कि मामला तब सामने आया जब चार सितंबर को एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि कुछ लोग बवाना में उसके पति को निशाना बनाने के लिए कार से रेकी कर रहे थे। उनके मुताबिक जांच के दौरान, पुलिस ने 18 सितंबर को पूठ खुर्द इलाके में जाल बिछाया और दो लोगों को रोका। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान पानीपत निवासी रिंकू और सुमित के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने कहा कि जांचकर्ताओं ने पाया कि आरोपी इग्नू के छात्र ईशू के निर्देशों पर काम कर रहे थे जो हद्दाल के संपर्क में था। अधिकारियों ने बताया कि रेकी केशव और सागर ने की थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर ‘वॉयस-ओवर प्रोटोकॉल कॉल’ के जरिए हद्दाल से बातचीत की। पुलिस के अनुसार, हद्दाल फिलहाल कनाडा में है और आरोपी हत्या को अंजाम देने तथा इस साजिश में और लोगों को शामिल करने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया कि यह साजिश गांव में पुरानी दुश्मनी और पारिवारिक विवाद को लेकर रची गई थी। पुलिस ने कहा कि जिसकी हत्या की जानी थी वह हद्दाल का रिश्तेदार है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।