रांची : झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया पर राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ा प्रहार किया है। गिरिडीह में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने और केंद्र सरकार को बेवजह बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे ये आरोप नए नहीं हैं, बल्कि 2014 में सत्ता से बाहर होने के बाद से ही कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां लगातार आधारहीन मुद्दे उठाकर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती रही हैं। कभी ईवीएम, कभी राफेल, तो कभी फोन टैपिंग के नाम पर भ्रम फैलाने की कोशिश की गई और अब ‘वोट चोरी’ का झूठा राग अलापा जा रहा है। देश की जनता अब जाग चुकी है और वह राहुल गांधी की तथ्यहीन बातों पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं करती।

राहुल गांधी की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए बीजेपी नेता ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को अपने नेता की स्थिति पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की देश और विदेश में जैसी गतिविधियां रहती हैं, उसे देखते हुए कांग्रेस को किसी अच्छे अस्पताल में उनका इलाज कराना चाहिए, वरना 2029 तक वे पूरी कांग्रेस और इंडी गठबंधन का वजूद ही खत्म कर देंगे। चुनाव आयोग से जुड़े हालिया विवाद पर बात करते हुए बाबूलाल ने कहा कि विपक्ष ने एक अखबार की खबर के सहारे बड़ा हंगामा खड़ा करने की कोशिश की थी, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों के संयुक्त बयान जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे। जिसने विपक्ष के सारे दावों की हवा निकाल दी। इसके बाद पूरी कांग्रेस और इंडी गठबंधन की भारी फजीहत हुई है। अंत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी भारत के विकास और सामर्थ्य के साथ खड़े नहीं होते, बल्कि उनका रुख अक्सर विदेशी हितों के अनुकूल नजर आता है, जिसका जवाब देश की जनता समय आने पर जरूर देगी।


