दुमका में बाइक लूट की कोशिश, विरोध करने पर 55 वर्षीय व्यक्ति को मारी गोली

दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर बाइक लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

Archana Ekka
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका : दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के दुमका-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह बाइक लूट की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। घटना लकड़ाटांड़ स्थित हरदिया नदी के पास करीब सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। घायल की पहचान लकड़ाटांड़ निवासी 55 वर्षीय शिवलाल हांसदा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिवलाल हांसदा बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बाइक छीनने की कोशिश की। शिवलाल ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं पैर में लगी। घायल होने के बाद भी वह बाइक पर ही बैठे रहे।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।