रांची: रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए टिकटों की दरों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) प्रबंधन द्वारा जारी दरों के अनुसार, रांची में अब तक हुए अंतरराष्ट्रीय मैचों की तुलना में इस बार टिकट काफी महंगे हैं, जिनमें करीब 8,000 तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रबंधन के मुताबिक, मैच का सबसे किफायती टिकट ₹1,600 का है, जो स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर स्थित ‘ईस्ट एंड वेस्ट हिल’ एरिया (खुले मैदान में घास पर बैठकर देखने की जगह) के लिए मान्य होगा। दर्शकों की सुविधा के लिए यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाती हैं। वहीं, सबसे महंगा टिकट ‘अमिताभ चौधरी पवेलियन’ के प्रेसिडेंट्स एंक्लोजर (हॉस्पिटैलिटी) का है, जिसकी कीमत 18,000 तय की गई है। इस प्रीमियम श्रेणी में दर्शकों के लिए विशेष हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं शामिल रहेंगी। टिकटों की बिक्री स्टेडियम के वेस्ट गेट की ओर बने विशेष काउंटरों से किए जाने की संभावना है जो 6 अक्टूबर से शुरू हो सकती है।
विभिन्न श्रेणियों में घोषित टिकटों की दरें (रुपये में):
ईस्ट एंड वेस्ट हिल: ₹1,600
विंंग ए, बी, सी व डी (अपर/लोअर/स्पाइस बॉक्स): 2,000 से 3,500
अमिताभ चौधरी पवेलियन:
प्रीमियम टेरेस: ₹4,500
कॉर्पोरेट बॉक्स: ₹8,000
हॉस्पिटैलिटी बॉक्स: ₹9,000
कॉर्पोरेट लाउंज: ₹15,000
प्रेसिडेंट्स एंक्लोजर: ₹18,000
एमएस धोनी पवेलियन:
डोनर्स एंक्लोजर: ₹4,000
लग्जरी पार्लर (हॉस्पिटैलिटी): ₹10,000
फ्री मैच पास में कटौती से बढ़ेगी परेशानी
इस बार मैच के कॉम्प्लीमेंट्री (फ्री) पास को लेकर दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि जेएससीए ने पास वितरण में भारी कटौती का फैसला किया है। बीसीसीआई के नियमों के तहत किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच में स्टेडियम की कुल क्षमता के 10% से अधिक फ्री पास नहीं दिए जा सकते। पूर्व में जहां लगभग 10,000 तक फ्री पास बांटे जाते थे, वहीं इस बार लगभग 39,500 दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में केवल 3,800 पास ही जारी करने का प्रस्ताव रखा गया है।


