जामताड़ा : जामताड़ा जिले की बागडेहरी थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जोकपहाड़ी गांव में छापेमारी कर मौके से करीब 50 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बागडेहरी थाना क्षेत्र के जोकपहाड़ी गांव में चोरी-छिपे अवैध महुआ शराब बनाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में सोमवार 28 सितंबर 2026 को शाम 4:50 बजे से 5:40 बजे तक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से 5-5 लीटर क्षमता वाले दो जरकीन में करीब 20 लीटर तथा तीन एल्युमिनियम की डेकची में करीब 30 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की।
पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए बागडेहरी थाना कांड संख्या 22/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/292 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में जोकपहाड़ी निवासी 47 वर्षीय विप्लव मंडल, पिता स्वर्गीय भीम मंडल को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे के कांड का अनुसंधान पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार केरकेट्टा द्वारा किया जा रहा है।


