स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद भी मांगें पूरी न होने पर 108 एंबुलेंस कर्मचारी नाराज, 6 अक्टूबर से फिर आंदोलन की दी चेतावनी

झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ी, संघ ने 6 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन फिर शुरू करने की घोषणा की है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों का असंतोष एक बार फिर सामने आ गया है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने घोषणा की है कि स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बावजूद उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ है। इसके विरोध में कर्मचारी आगामी 6 अक्टूबर से पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।

दरअसल, 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि 15 से 20 दिनों के भीतर उनकी सभी जायज मांगों पर विचार कर ठोस निर्णय लिया जाएगा। सरकार के इस सकारात्मक रुख और आश्वासन का सम्मान करते हुए संघ ने अपने प्रस्तावित आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया था।

अब निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार के वादे पर पूरा भरोसा किया था, लेकिन कोई समाधान न निकलने से एंबुलेंस कर्मियों में निराशा के साथ अविश्वास का माहौल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार जल्द ही उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में कदम नहीं उठाती है, तो 6 अक्टूबर से एंबुलेंस कर्मचारी एक बार फिर सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध तरीके से अपना आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।