त्योहारों पर यात्रियों की सहूलियत के लिए रांची रेल मंडल से चलेगी 7 पूजा स्पेशल ट्रेनें, क्राउड मैनेजमेंट के लिए डिवीजन ने की ये तैयारी

दुर्गा पूजा पर यात्रियों की सहूलियत के लिए रांची रेल मंडल चलाएगा 7 पूजा स्पेशल ट्रेनें; भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशनों पर बढ़ाए जाएंगे टिकट काउंटर और एटीवीएम।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों के सुगम और आरामदायक सफर को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे द्वारा कुल 7 पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के साथ-साथ यात्री क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेल प्रशासन क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देगा। डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि ये पहली बार है जब भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आसपास के स्टेशनों में भी हॉल्ट दिया जाएगा। इससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए रांची या हटिया स्टेशन पर निर्भर नहीं रहना होगा। इससे यात्रियों की भीड़ भी कम होगी। मौके पर सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह और डीएससी भी मौजूद थे।

इन ट्रेनों का होगा परिचालन

विशेष ट्रेनों की श्रृंखला में अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक पूजा स्पेशल शामिल है, जिसमें ट्रेन संख्या 09619 अजमेर-रांची का परिचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार को कुल 9 ट्रिप और ट्रेन संख्या 09620 रांची-अजमेर का परिचालन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार को कुल 9 ट्रिप किया जाएगा। इसके अलावा रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन संख्या 02877nका परिचालन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर शनिवार को कुल 9 ट्रिप और आनंद विहार टर्मिनल-रांची ट्रेन संख्या 02878 का परिचालन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार को कुल 9 ट्रिप होगा।

यात्रियों के लिए रांची-अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल चलाई जा रही है। ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार का परिचालन 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक हर सोमवार को कुल 5 ट्रिप और ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार-रांची का परिचालन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक हर बुधवार को कुल 5 ट्रिप होगा। वहीं, दक्षिण के यात्रियों के लिए हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन संख्या 08609 12 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक हर सोमवार को कुल 3 ट्रिप और वापसी में ट्रेन संख्या 08610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हटिया 13 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक हर मंगलवार को कुल 3 ट्रिप चलेगी। हटिया-सर एम विश्वेश्वरैया बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन संख्या 08637 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक हर बुधवार को कुल 5 ट्रिप तथा वापसी में ट्रेन संख्या 08638 बेंगलुरु-हटिया 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक हर शुक्रवार को कुल 5 ट्रिप संचालित होगी।

इसके साथ ही, सांतरागाछी-अजमेर-सांतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल भी रांची होकर चलेगी, जिसमें ट्रेन संख्या 08611 सांतरागाछी-अजमेर 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक हर सोमवार को कुल 12 ट्रिप और ट्रेन संख्या 08612 अजमेर-सांतरागाछी 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक हर गुरुवार को कुल 12 ट्रिप सेवा प्रदान करेगी। बिहार और तेलंगाना रूट के यात्रियों की सुविधा के लिए पटना-चर्लपल्ली-पटना द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रांची होकर चलाई जा रही है, जिसका परिचालन 21 सितंबर से 30 नवंबर तक हफ्ते में दो दिन (सोमवार व बुधवार तथा वापसी में बुधवार व शुक्रवार, कुल 21-21 ट्रिप) किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए हटिया-बानो ट्रेन संख्या 08631 और बानो-हटिया ट्रेन संख्या 08632 अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का दैनिक परिचालन भी 1 सितंबर से 30 नवंबर तक जारी रहेगा, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।

ये भी मिलेगी सुविधा

टिकट के लिए लगाए जाएंगे 4 से 5 एटीवीएम
रांची स्टेशन के साउथ गेट में भी खोले जाएंगे टिकट काउंटर
ऑन स्पॉट भी यात्रियों को दिया जाएगा अलग अलग स्टेशनों का टिकट
हटिया स्टेशन में भी बढ़ाए जाएंगे टिकट काउंटर
फेस्टिवल के दौरान 20 रुपए प्लेटफॉर्म टिकट करने का दिया गया है प्रस्ताव

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।