मुंबई: महाराष्ट्र के पालघर जिले के अधिवक्ता निकाय ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का समर्थन करते हुए कहा है कि अगर इस नए समूह के सदस्यों को किसी भी तरह के ‘‘दमन’’ का सामना करना पड़ता है, तो वह उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करेगा। वसई अधिवक्ता संघ के प्रवक्ता दिगंबर देसाई ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकतांत्रिक मूल्य जीवित रहने चाहिए और इसके लिए यदि उन्हें (कॉजपा) न्यायिक मंच पर किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होती है, तो हमारे जैसे कुछ वकील उनके लिए पूरी तरह से मुफ्त काम करेंगे।’’ देसाई उस सवाल का जवाब दे रहे थे जिसमें उनसे पूछा गया था कि क्या कॉजपा सदस्यों के खिलाफ मामले दर्ज होने पर वकील उनकी ओर से नि:शुल्क पैरवी करने के लिए तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि वकील ‘‘जनहित के मुद्दों’’ का समर्थन करने और दमन का सामना करने वालों के साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके का शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का कार्यक्रम है। कॉजपा कुमार पर लोकतांत्रिक सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने कॉजपा को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी है।


