बोकारो: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के कर्मचारियों के लिए त्योहारों से ठीक पहले एक बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार दुर्गा पूजा से पहले सेल कर्मियों को इस वर्ष बोनस का भुगतान कर दिया जाएगा। बोनस की राशि तय करने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली में नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील की एक अहम बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सेल प्रबंधन और यूनियन नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा के बाद बोनस के आंकड़े पर सहमति बनी। समझौते के तहत नियमित सेल कर्मचारियों को 32,000 रुपये और ट्रेनी कर्मचारियों को 25,600 रुपये का बोनस दिया जाएगा।

यूनियन नेताओं ने बोनस समझौते के इस प्रस्ताव पर अपने हस्ताक्षर कर दिए हैं। हालांकि, यूनियन की तरफ से शुरुआत में 40,500 रुपये बोनस की मांग रखी गई थी। निर्णय के अनुसार, बोनस की यह राशि 10 अक्टूबर से पहले सभी पात्र कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी, ताकि वे 11 अक्टूबर से कलश स्थापना के साथ शुरू हो रहे दुर्गा पूजा के पावन पर्व का आनंद उत्साह के साथ उठा सकें।


