मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पताल में मरीजों के बिस्तर पर सोता मिला आवारा कुत्ता

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर सरकारी अस्पताल में मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ता सोता मिला। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

आलीराजपुर : मध्यप्रदेश में आदिवासी बहुल आलीराजपुर जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ते के सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इस सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चंद्रशेखर आजाद नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है जहां सोमवार को आवारा कुत्ता जनरल वॉर्ड में मरीजों के बिस्तर पर सोता मिला।

प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रकाश पटेल ने मंगलवार को बताया,‘‘मैंने घटना के संबंध में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) से बात की है। बीएमओ ने मुझे बताया कि जानकारी मिलने पर कुत्ते को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बाहर कर दिया गया था।’’ पटेल ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा,‘‘जांच में जिस भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

इस बीच, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हर्ष जैन ने कहा,‘‘मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ते के सोने की घटना राज्य की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में निगरानी के अभाव को उजागर करती है।’’ उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वॉर्ड में आवारा कुत्ते का पहुंचना मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता ने घटना की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई और राज्य के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था के ऑडिट की मांग भी की।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।