यह व्यक्तिगत स्तर पर घटिया हमला, मेरे पास अपनी कार तक नहीं : सांसद वेंकटेशन

माकपा सांसद एस वेंकटेशन ने न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास अपनी कार तक नहीं है और इसे व्यक्तिगत हमला बताया।

Archana Ekka
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद एस वेंकटेशन ने उनकी जीवनशैली को लेकर न्यायमूर्ति जी. आर. स्वामीनाथन की ओर से की गई आलोचना का जवाब देते हुए मंगलवार को कहा कि उनके पास आज तक अपनी कार नहीं है।
वेंकटेशन ने न्यायाधीश की टिप्पणियों को ‘‘व्यक्तिगत स्तर पर घटिया हमला’’ करार दिया। न्यायाधीश ने एक रेल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि वह शयनयान श्रेणी में यात्रा कर रहे थे, जबकि वामपंथी सांसद ने प्रथम श्रेणी में यात्रा की थी।

वेंकटेशन ने खुली अदालत में सुनवाई के दौरान न्यायाधीश की तीखी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर जारी बयान में कहा कि उन्होंने रेल यात्रा के लिए केवल उन्हीं सुविधाओं का इस्तेमाल किया था जिनके वह सांसद के रूप में हकदार हैं। वेंकटेशन ने कहा, ‘‘तथ्यों की जांच किए बिना केवल सतही तौर पर देखी गई बातों के आधार पर आलोचना करना पूर्वाग्रह को दर्शाता है और यह व्यक्तिगत हमला बन जाता है।’’

उन्होंने किसी नेता की ईमानदारी को उसकी यात्रा की श्रेणी से जोड़ने पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘किसी व्यक्ति की दलील सिर्फ इसलिए गलत नहीं हो जाती क्योंकि वह प्रथम श्रेणी में यात्रा करता है और न ही कोई व्यक्ति केवल शयनयान श्रेणी में यात्रा करने से सही हो जाता है। एक समझदार समाज ऐसी तुलनाओं का विवेकपूर्ण तरीके से आकलन करेगा।’’ अपनी विचारधारा पर गर्व जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कम्युनिस्ट होने पर बहुत गर्व है।

उन्होंने कहा, ‘‘साम्यवाद ने मुझे सवाल उठाना सिखाया है। जब किसी सवाल पर प्रतिक्रिया होती है, तो इससे उस सवाल की प्रासंगिकता साबित होती है। कोई भी झूठा आरोप इस सीख को मिटा नहीं सकता।’’ वेंकटेशन ने कहा कि वामपंथी नेताओं से अक्सर उनके कपड़ों और वाहनों को लेकर सवाल किए जाते हैं। उन्होंने कहा हालांकि, जब ऐसे सवाल पार्टी के ‘‘शुचिता और सादगी’’ के मूल सिद्धांतों के तहत पूछे जाते हैं, तो वे उनका जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मदुरै से लोकसभा सदस्य वेंकटेशन ने कहा, ‘‘हम एक ऐसी पार्टी से जुड़े हैं, जिसने हमें इस जिम्मेदारी का अहसास कराया है और जिस पर हमें गर्व है।’’ वेंकटेशन ने अपने आलोचकों की मंशा एवं राजनीतिक रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंधविश्वास और रूढ़िवाद के खिलाफ वैचारिक लड़ाई में वह और उनकी पार्टी तर्कवाद के पक्ष में गर्व से खड़े रहेंगे।

उन्होंने कहा कि यह संघर्ष न तो उनसे शुरू हुआ है और न ही उनके साथ समाप्त होगा। वेंकटेशन ने कहा, ‘‘रेलवे स्टेशन पर मैं जिस कार से पहुंचा था, उसे लेकर मेरी आलोचना की गई है। जब तथ्यों की जांच किए बिना केवल ऊपरी तौर पर देखी गई बातों के आधार पर ऐसी आलोचना की जाती है तो यह पूर्वाग्रह को दर्शाती है और व्यक्तिगत हमला बन जाती है। यह व्यक्तिगत स्तर पर घटिया हमला है। वह कार मेरी नहीं थी। मेरे पास आज तक अपनी कार नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि समाज में किसी व्यक्ति की पहचान उसके विचारों और कार्यों से बनती है। इससे पहले सोमवार को मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जी. आर. स्वामीनाथन ने न्यायिक कर्तव्यों को लेकर वेंकटेशन की हालिया टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

न्यायाधीश ने कहा था कि कम्युनिस्ट नेता उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के बारे में नसीहत देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि लोकसभा सदस्य ‘मर्सिडीज-बेंज’ कार में यात्रा करते हैं। ये तीखी टिप्पणियां तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए पुस्तकों की खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़ी अवमानना याचिका पर खुली अदालत में सुनवाई के दौरान की गईं। न्यायाधीश ने वेंकटेशन की आलोचना का जवाब देते हुए करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर सांसद से हुई एक आकस्मिक मुलाकात का जिक्र किया। उस समय दोनों मदुरै जाने वाली पांडियन एक्सप्रेस में सवार होने वाले थे।

न्यायमूर्ति स्वामीनाथन ने वेंकटेशन के संबंध में टिप्पणी की, ‘‘आप जानते हैं, वह खुद को कम्युनिस्ट नेता बताते हैं लेकिन वह महंगी बेंज कार में आते हैं और सिर से पांव तक ब्रांडेड चीजें पहनते हैं।’’ ट्रेन की ओर जाते समय सांसद के साथ हुई संक्षिप्त बातचीत को याद करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि वेंकटेशन प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में यात्रा कर रहे थे, जबकि वह स्वयं आमतौर पर शयनयान श्रेणी में यात्रा करते हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।