मथुरा : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने की मांग दोहराते हुए इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।’’
यहां मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में पार्टी की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मंदिर निर्माण का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे अखिलेश की पार्टी को और राजनीतिक नुकसान से बचने में मदद मिल सकती है।

मौर्य ने कहा, ‘‘हम आज भी यह कह रहे हैं और कल भी कहेंगे कि अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है। मैं अखिलेश यादव से कहना चाहूंगा कि अगर वह वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की दिशा में काम करने के लिए तैयार होना चाहिए।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शायद इससे उनकी साइकिल (सपा का चुनाव चिह्न) डूबने से बच जाए और उनकी पार्टी 2017 में अपनी जो स्थिति थी, कम से कम उसे बरकरार रख सके।’’ मौर्य ने सोमवार को भी कहा था कि मथुरा में भव्य मंदिर का निर्माण 2027 के विधानसभा चुनाव का बड़ा मुद्दा होगा।

उन्होंने दावा किया था कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा, चाहे इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लिया जाए या आपसी बातचीत का। उपमुख्यमंत्री ने यह दावा भी किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जहां एक बार सत्ता में आती है, वहां बार-बार लौटती है। वह तीसरी बार भी जरूर सत्ता में आएगी।’’ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में करीब 18 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि भाजपा भी मतदाताओं में जागरूकता फैलाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और नाम निश्चित रूप से जोड़े जाएंगे। मतदान के लिए पात्र हर व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए यह जरूरी है।’’ सपा नेताओं की उस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कि पार्टी की बैठक के लिए मथुरा आने वाले भाजपा नेताओं को पहले यमुना में डुबकी लगानी चाहिए और शुभ शुरुआत के लिए आचमन करना चाहिए, मौर्य ने सपा नेताओं की ओर से दलितों के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर अखिलेश यादव पर पलटवार किया।
मौर्य ने कहा, ‘‘सबसे पहले अखिलेश यादव को पूरे दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए और जमीन पर नाक रगड़नी चाहिए।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने एक सामुदायिक सम्मेलन में दलितों को ‘मूर्ख’ कहकर गंभीर अपराध किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मोहम्मद आजम खान ने एक जनसभा में बी आर आंबेडकर को ‘भूमाफिया’ कहा था। मौर्य ने कहा, ‘‘दलितों और पिछड़े वर्गों के पास जाने से पहले उन्हें इन टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए।’’
उन्होंने सपा पर दलितों और पिछड़े वर्गों के हितों के खिलाफ होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि पार्टी जाति आधारित राजनीति और तुष्टीकरण के आधार पर वोट मांग रही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि सपा को दलितों और पिछड़े वर्गों का समर्थन हासिल नहीं है। इससे पहले मौर्य ने सपा पर दलितों, पिछड़े वर्गों, गरीबों और महिलाओं के हितों के बजाय एक राजनीतिक परिवार के हितों का समर्थन करने का आरोप लगाया था।
समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित समुदायों के बीच जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही है।


