नई दिल्ली: अमेजन ने मंगलवार को वर्ष 2030 तक भारत में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में सात अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 65,393 करोड़ रुपये) का अतिरिक्त निवेश करने की योजना की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने 934 मेगावाट की कुल क्षमता वाली पवन एवं सौर ऊर्जा की चार नई परियोजनाएं भी घोषित की, जो भारत में पहले से अनुबंधित चार अरब डॉलर की परियोजनाओं का हिस्सा हैं। इनमें कर्नाटक में 234 मेगावाट का पवन ऊर्जा संयंत्र शामिल है, जो एशिया में अब तक अमेजन का सबसे बड़ा अनुबंधित पवन ऊर्जा संयंत्र है। इसके अलावा कर्नाटक में 200 मेगावाट की सौर एवं पवन ऊर्जा की संयुक्त परियोजना, मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना और राजस्थान में 200 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक, इन चारों परियोजनाओं के लिए बिजली खरीद समझौते (पीपीए) किए गए हैं। इनके चालू होने के बाद भारत में अमेजन का नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो दो गीगावाट से अधिक हो जाएगा। इससे देश के 35 लाख से अधिक परिवारों की सालाना बिजली जरूरत के बराबर ऊर्जा उपलब्ध होगी। कंपनी ने कहा कि भारत में उसके नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो में कुल 57 परियोजनाएं हैं। इनमें 14 बड़े पवन एवं सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं, जिनसे बिजली ग्रिड को कार्बन-मुक्त ऊर्जा मिलती है। इसके अलावा कंपनी की विभिन्न इकाइयों में 43 सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं। इस निवेश से वह भारत में कार्बन-मुक्त ऊर्जा की खरीद करने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल हो जाएगी।

अमेजन ने अपने परिचालन में इस्तेमाल होने वाली बिजली की कार्बन तीव्रता 2030 तक 2019 के स्तर से 65 प्रतिशत घटाने का वैश्विक लक्ष्य भी घोषित किया है। इसका मतलब है कि उसके परिचालन में खपत होने वाली बिजली की प्रत्येक इकाई से होने वाला कार्बन उत्सर्जन 2019 के मुकाबले 65 प्रतिशत कम होगा। यह 2040 तक अपने पूरे परिचालन में शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में एक कदम है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने अमेजन की इस निवेश योजना का स्वागत किया।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के निवेश से भारत की स्वच्छ ऊर्जा संबंधी महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और सतत आर्थिक वृद्धि को समर्थन देने में मदद मिलेगी। इससे भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक कंपनियों का भरोसा भी जाहिर होता है।’’ अमेजन की मुख्य स्थिरता अधिकारी कारा हर्स्ट ने कहा कि कंपनी भारत की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने और 2070 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन हासिल करने के देश के लक्ष्य में योगदान देना चाहती है। कंपनी के मुताबिक, दुनियाभर में उसकी 700 से अधिक पवन एवं सौर ऊर्जा परियोजनाएं हैं, जिनकी कुल क्षमता 40 गीगावाट से अधिक है।


