रांची : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मोरहाबादी स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया और दुनिया को मानवता, शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया।आज जब समाज में विभाजन की कोशिशें दिखाई देती हैं, तब बापू का सत्य, अहिंसा, निर्भीकता, सद्भाव और सर्वजन हित का संदेश हमें और मजबूती देता है। उन्होंने कहा कि बापू का सपना ऐसे देश का था, जहां आखिरी व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे, गरीब और वंचित को सम्मान मिले, गांव सशक्त हों और प्रकृति के साथ संतुलन बना रहे। आइए, गांधी जयंती के अवसर पर हम उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और जनकल्याण के लिए अपने संकल्प को और मजबूत करें।



