नागोया : भारत की प्रणवी उर्स ने शुक्रवार को यहां तीसरे दौर में चार अंडर 66 का स्कोर बनाकर तीन स्ट्रोक की बढ़त हासिल कर ली और एशियाई खेलों की महिला गोल्फ प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक के लिए खुद को मजबूत दावेदार बना दिया।

पहली बार एशियाई खेलों में भाग ले रही मैसूर की इस 23 वर्षीय खिलाड़ी का कुल स्कोर 15 अंडर 195 है और वह सिंगापुर की शैनन टैन से तीन शॉट आगे है, जो तीसरे दौर में एक-ओवर 71 के स्कोर के साथ लड़खड़ा गईं और नीचे खिसक गई।
शैनन से एक स्ट्रोक पीछे चीन की यिन रुओनिंग हैं। उन्होंने चार अंडर 66 का कार्ड खेलकर कुल 11-अंडर 199 का स्कोर हासिल किया।
प्रणवी के स्कोर में पांच बर्डी शामिल थीं, जबकि उन्होंने पार-फोर 14वें होल पर एक बोगी लगाई। उन्होंने पहले, तीसरे और आठवें होल में बर्डी बनाई। उनकी अन्य दो बर्डी 13वें और 18वें होल पर आईं। प्रणवी (66-63-66), अदिति अशोक (71-74-70) और दीक्षा डागर (71-73-71) की भारतीय महिला टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वह चीन की टीम से चार शॉट पीछे है।
तीनों दिनों में चीन के दो सर्वश्रेष्ठ स्कोर का कुल योग 405 है। भारत का कुल स्कोर 409 है और हांगकांग का 411 है।
प्रणवी ने बाद में कहा, ‘‘काश मैं आखिरी नौ होल में और ज्यादा पुट लगा पाती। उम्मीद है कि मैं कल इससे भी अच्छा प्रदर्शन करूंगी। मैं बस एक-एक शॉट पर ध्यान दूंगी। वैसे भी परिणाम मेरे हाथ में नहीं है।’’ भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा। वीर अहलावत ने बैक नाइन में चार बर्डी की मदद से पांच-अंडर 65 का स्कोर बनाया। उनके राउंड का स्कोर 71-68-65 रहा, जिससे उनका कुल स्कोर छह-अंडर है। वह 10वें स्थान पर हैं।
सप्तक तलवार (66-68-71) पांच अंडर के कुल स्कोर के साथ 11वें स्थान पर हैं। युवराज संधू (71-69-71) एक ओवर के स्कोर के साथ 23वें स्थान पर हैं।


