भाजपा के प्रदर्शन में पुलिस सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई : मंत्री शाजी

केरल के मंत्री के. एम. शाजी ने तिरुवनंतपुरम में भाजपा प्रदर्शन के दौरान वाहन रोके जाने की घटना पर कहा कि पुलिस सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोच्चि : केरल के स्थानीय स्वशासन मंत्री के. एम. शाजी ने शुक्रवार को कहा कि तिरुवनंतपुरम में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका वाहन रोके जाने की घटना में पुलिस सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई थी। यह घटना बुधवार शाम राजधानी के वैनरॉस जंक्शन पर हुई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सरकारी वाहन को रोककर उसके सामने बैठकर नारेबाजी की।

शाजी ने वाहन से उतरकर ऑटोरिक्शा से जाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उसे भी रोक दिया। इसके बाद मंत्री को सड़क पर पैदल चलना पड़ा और बाद में दूसरे वाहनों से उन्हें वहां से ले जाया गया। पत्रकारों से बातचीत में शाजी ने कहा कि उन्होंने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा पहले अचानक अपना कार्यालय छोड़ दिया था, इसलिए पुलिस को मौके पर पहुंचने का समय नहीं मिल पाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो यह पुलिस की कोई चूक नहीं थी। मैंने उस समय कार्यालय छोड़ा और पुलिस को पहुंचने का समय नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों ने भी ज्यादा परेशानी पैदा नहीं की।’’ शाजी ने बताया कि उनके अंगरक्षक ने पुलिस को बुलाने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इसकी जरूरत नहीं समझी क्योंकि घर पर कुछ लोग उनका इंतजार कर रहे थे।

भाजपा कार्यकर्ता पिछले सप्ताह कोल्लम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद केरल के मंत्रियों के वाहनों को रोककर काले झंडे दिखा रहे हैं। इस बीच, कैंटोनमेंट पुलिस ने बृहस्पतिवार को पांच भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इनमें गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, आपराधिक धमकी, गलत तरीके से रोकना तथा लोक सेवक पर हमला या आपराधिक बल के इस्तेमाल जैसे आरोप शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, शाजी ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।