सिल्ली : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने सिल्ली विधानसभा क्षेत्र स्थित पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए सत्य, अहिंसा, शांति, सादगी और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं, क्योंकि हिंसा, सामाजिक भेदभाव, असहिष्णुता और पर्यावरण संकट से जूझती दुनिया को उनके सिद्धांत एक नई दिशा देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य की शक्ति, अहिंसा का साहस और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता ही एक न्यायपूर्ण, समतामूलक और मानवीय समाज की आधारशिला है। उनके विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान की चुनौतियों का सामना करने और बेहतर भविष्य के निर्माण का मार्ग भी हैं।


