पूर्वी चंपारण में तालाब में नहाने गई चार बच्चियों की डूबने से मौत

पूर्वी चंपारण में तालाब में नहाने गई चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शुक्रवार सुबह तालाब में नहाने के दौरान चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के बांकट गांव में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई।

मृतकों की पहचान बांकट गांव निवासी सोनावती कुमारी (13), उसकी बहन फूलवती कुमारी (10), सोनाली कुमारी (10) और प्रतिभा कुमारी (12) के रूप में हुई है। पहाड़पुर के अंचल अधिकारी रामसूरत पासवान ने बताया, ‘‘पांच बच्चियां गांव के समीप स्थित तालाब में नहाने गई थीं। इनमें से चार पानी में उतर गईं, जबकि एक बच्ची किनारे पर ही खड़ी रही। चारों बच्चियां कथित तौर पर गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।’’

उन्होंने बताया कि किनारे पर खड़ी बच्ची भागकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पहाड़पुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘हमने चारों बच्चियों के शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है।’’ पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि अंचल अधिकारी को मामले की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद यदि औपचारिक रूप से यह पुष्टि हो जाती है कि मौत डूबने के कारण हुई है, तो आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस बच्चियों की मौत की सही परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।