रामगढ़ : रामगढ़ जिले के चुट्टूपालू घाटी में बीती रात एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। ब्रेक फेल होने के बाद एक हाइवा ने नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालांकि, रात में ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हाइवा संख्या JH 02BM 7942 का ब्रेक फेल हो गया था। इसके बाद उसने पहले बस JH 02AF 0528 को टक्कर मारी। फिर ट्रेलर AP 16TF 6229, कार JH 01AV 6477 सहित अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार सुशील कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें रेस्क्यू टीम की मदद से रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
टक्कर के बाद बस का डीजल सड़क पर फैल गया। घाटी में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से राहत कार्य में भी परेशानी हुई। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटाया। लगातार हादसों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों ने भारी वाहनों की नियमित जांच, पर्याप्त रोशनी और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।


