नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है।

सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले 1.1 डिग्री अधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले के समान है।
पालम में अधिकतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले 0.7 डिग्री अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान एक दिन पहले की तुलना में 0.1 डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, “अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यत: साफ रहने का अनुमान है।”
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा और शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 171 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 174 (मध्यम) था।
सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।


