थैलेसीमिया और रक्तदान के नीतिगत मुद्दे जनहित में सर्वोपरि, जानें ऐसा क्यों कहा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने

थैलेसीमिया पीड़ितों के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात की और उन्हें 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रक्तदान और थैलेसीमिया से संबंधित नीतिगत मुद्दे जनहित में सर्वोपरि हैं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: ‘लहू बोलेगा’ रक्तदान संगठन और थैलेसीमिया-सिकल सेल एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन के संयुक्त 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात की। कांग्रेस भवन में आयोजित इस बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में रक्त विकार (थैलेसीमिया, सिकल सेल, हीमोफीलिया व अप्लाटिक एनीमिया) से पीड़ित मरीजों की समस्याओं और रक्तदान व्यवस्था में सुधार को लेकर 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे संस्था के संस्थापक व राज्य संयोजक ‘रक्तवीर’ नदीम खान ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद पीड़ितों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान नहीं निकल सका है। नीतिगत खामियों और उचित व्यवस्था के अभाव के कारण राज्य में सैकड़ों पीड़ित बच्चों की अकाल मृत्यु हो रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 9 दिसंबर 2025 को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने पर सरकार ने एक महीने के भीतर मांगों को लागू करने का आश्वासन दिया था, जो आज तक अधूरा है।

मांग पत्र के साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने एक विशेष प्रतिवेदन भी सौंपा, जिसमें राज्यभर में इलाज के अभाव में दम तोड़ चुके बच्चों की सूची शामिल है। इसके अलावा, सरकारी ब्लड बैंकों के संचालन को लेकर निजी कंपनी एम.ए. साइंस के साथ हुए एमओयू को तत्काल रद्द करने तथा सरकारी ब्लड बैंकों एवं ‘जैसेक्स’ (JSACS) को मजबूत करने की मांग की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर बात की और स्पष्ट किया कि थैलेसीमिया व रक्तदान से जुड़े नीतिगत मुद्दे जनहित में सर्वोपरि हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल और स्वास्थ्य मंत्री के बीच बैठक कराकर इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।

मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवारों ने प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश गुप्ता, सतीश कुमार, वरिष्ठ नेता शुक्ला जी के अलावा प्रतिनिधिमंडल में संजय टोप्पो, संजय महतो, सीमा देवी, सोनम कुमारी, इंजीनियर शाहनवाज, साजिद उमर, मो. बब्बर, अकरम राशिद, मोजाहिद, मो. तौहीद, नीलू टोप्पो सहित कई लोग उपस्थित थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।