जमशेदपुर : झारखंड में जनता दल (यूनाइटेड) के एकमात्र विधायक सरयू राय ने कहा है कि अपराधियों के मादक पदार्थों से जुड़ाव के कारण जमशेदपुर शहर में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।

राय ने कहा कि युवा ऑनलाइन सट्टेबाजी के भी आदी हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन से इस खतरे पर अंकुश लगाने के लिए कमर कसने का आह्वान किया।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक राय ने कहा, ‘‘जमशेदपुर में मादक पदार्थों की तस्करी और ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का खतरा तेजी से बढ़ा है, जो अब स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंच गया है… अपराधियों के मादक पदार्थों से जुड़ाव के कारण शहर में अपराध बढ़ रहे हैं।
राय ने शुक्रवार को यहां आयोजित दिनभर के ‘विचार क्रांति सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि मादक पदार्थों और ऑनलाइन सट्टेबाजी की समस्या अब केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि यह युवाओं और समाज की सुरक्षा से जुड़ा सवाल बन गई है।
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस इन्हें खत्म करने का मन बना ले, तो ऑनलाइन सट्टेबाजी और मादक पदार्थ गिरोह नहीं संचालित हो सकते हैं।


