Dhanbad News: आगामी दुर्गा पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद समेत बोकारो रेंज के सात जिलों में पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में शनिवार को आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा धनबाद पहुँचे और समाहरणालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश के अलावा धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) शामिल हुए। बैठक के दौरान आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के साथ-साथ लंबित कांडों, संगठित अपराध, नक्सली गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े तमाम मामलों की गहन समीक्षा की गई।
आईजी के प्रमुख निर्देश
त्योहारी सुरक्षा: आईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी पूजा पंडालों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।
लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन: बैठक में दो साल और दस साल से अधिक पुराने लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पोक्सो (POCSO), एनडीपीएस (NDPS), साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने को कहा गया।
प्रशासनिक कसावट: सीसीसीएनएस (CCTNS) की पेंडेंसी को कम करने, अदालतों में समय पर फाइनल फॉर्म जमा करने, थानों के नियमित निरीक्षण, मालखाना प्रभार के हस्तांतरण और सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन व अनुकंपा मामलों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया।
पुलिस प्रशासन का यह मेगा एक्शन प्लान यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है कि त्योहार के दौरान आम जनता और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।


