वियतनाम में सड़क हादसे में मृत रांची के योग प्रशिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर पहुँचा पैतृक आवास, परिवार को मिलेगी 5 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर, वियतनाम में सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर देश में पहुंचा, उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Vietnam Road Accident : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कड़े निर्देश और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के लगातार प्रयासों के बाद, वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को सकुशल भारत वापस ले आया गया। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुँचाने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत ₹5 लाख की वित्तीय सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

क्या था पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची के कैलाश नगर के रहने वाले राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वियतनाम में हुई एक सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद दुखी परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए मदद की गुहार लगाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित वियतनामी अधिकारियों से संपर्क साधा। सभी आवश्यक प्रशासनिक और दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया। कोलकाता एयरपोर्ट पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रांची जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुँचाया गया।
Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।