रांची : पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को खूंटी के उलिहातु में महान स्वतंत्रता सेनानी, जनजातीय गौरव और ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का पूरा जीवन मातृभूमि, जल-जंगल-जमीन और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा।


अंग्रेजी हुकूमत और अन्याय के विरुद्ध उनका संघर्ष केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमूल्य प्रेरणा है। उनका त्याग, तप और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा जी के वंशजों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान झारखंड के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल, सह प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


