नयी दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने ‘वोट चोरी’ करके देश को ‘‘हाईजैक’’ किया है, जो ‘‘देशद्रोह’’ है।

उन्होंने यह भी कहा कि इनमें से कोई नहीं बचेगा और सबको कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आकाशवाणी भवन के अंदर से मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ समय पहले करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा एमपी यहां आए थे। हम इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार और उनके दो साथियों से मिलना चाहते थे।
पुलिस ने हमें यहां रोक दिया। हम भारत के लोगों के प्रतिनिधि हैं और देश की आवाज़ उठाते हैं। मुझे नहीं पता कि 300 एमपी को यहां क्यों रोककर बैठाया गया है और उन्हें इलेक्शन कमीशन क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है। मुझे नहीं पता कि दिक्कत क्या है।


