Ranchi: राजधानी रांची की सड़कों पर बुधवार को उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई, जब SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में आइसा के बैनर तले सैकड़ों लोग उतर आए। मताधिकार की सुरक्षा की मांग को लेकर सैनिक मार्केट से निकला यह नागरिक मार्च सरकार विरोधी नारों के साथ अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर एक विरोध सभा में बदल गया।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और दिल्ली में आंदोलनकारियों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
‘गरीबों और वंचितों का वोट छीनने की साजिश’: आइसा
सड़क पर उतरे छात्र-युवाओं और नागरिक संगठनों का कहना था कि SIR प्रक्रिया की आड़ में समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों—विशेषकर महिलाओं, मजदूरों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और दलितों के वोटिंग राइट्स पर खतरा मंडरा रहा है।


