जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में वन-वे रास्ते पर वाहन चलाने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर 500 रुपये लेने का आरोप लगा है। बारा रोड निवासी अनूप कुमार ने इस मामले की शिकायत पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी से की है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:55 बजे अनूप कुमार साकची ऑटो स्टैंड के पास वन-वे रास्ते में चले गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने वन-वे में जाने पर 1000 रुपये का चालान काटने की बात कही।
अनूप कुमार के अनुसार, उनके पास उस समय नकद पैसे नहीं थे। उन्होंने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी ने उन्हें पास की एक दुकान पर भेजा, जहां दुकानदार के माध्यम से 500 रुपये का ऑनलाइन भुगतान कराया गया। अनूप ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाने और संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।


