108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर सेवा दे रहे हैं और वेतन, रोजगार सुरक्षा समेत अधिकारों की मांग कर रहे हैं।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद झारखण्ड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर सेवा देते हुए अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।

संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने बताया कि गत 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 से 20 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था। समय सीमा बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि दिन-रात आपातकालीन सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के वेतन, रोजगार सुरक्षा और वैधानिक अधिकारों के लंबित मामलों का समाधान न होना बेहद निराशाजनक है।

संघ की मुख्य मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का सरकारी स्तर पर संचालन कर सिविल सर्जन के माध्यम से वेतन भुगतान, ‘सम्मान फाउंडेशन’ द्वारा हटाए गए कर्मचारियों की ससम्मान बहाली और सभी कर्मियों को ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी व न्यूनतम वेतन जैसे वैधानिक अधिकार देना शामिल है। महामंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार महज आश्वासन पर आंदोलन वापस नहीं होगा और मांगे पूरी होने तक प्रदर्शन अनुशासित व लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
जारी आंदोलन के तहत 6 से 9 अक्टूबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।